
साहस संस्था के प्रशिक्षित विद्यार्थियों का सम्मान, अभिभावकों ने साझा किए प्रेरक अनुभव

रानीगंज। साहस हियरिंग एंड स्पीच एक्शन समिति की ओर से रानीगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स में संस्था से प्रशिक्षण प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों और विद्यार्थियों ने अपने संघर्ष तथा सफलता की प्रेरक कहानियां साझा कीं।

इस अवसर पर आसनसोल निवासी छात्रा की माता सुनीता लकड़ा ने भावुक अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब उन्हें पता चला कि उनकी बेटी न सुन सकती है और न बोल सकती है, तब पूरा परिवार निराश हो गया था। उन्होंने कहा कि दुर्गापुर स्थित संस्था के समर्पित प्रयासों और प्रशिक्षण की बदौलत उनकी बेटी आज आत्मविश्वास के साथ जीवन जी रही है और किसी से कम नहीं है। उनके अनुभवों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
संस्था की संस्थापक प्रो. मधुमिता जाजोदिया ने अभिभावकों से धैर्य, सजगता और सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों को कभी समाज और परिवार ने असहाय समझ लिया था, वे आज अपने जीवन में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। कार्यक्रम में प्रशिक्षित मूक-बधिर बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया।
इस मौके पर समाजसेवी आरती खेतान, रानीगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष जुगल गुप्ता, सपन लोहायका, रोहित खेतान, अशोक अरोड़ा, अशोक बुछासिया तथा ललित ख्याल ने विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में संस्था की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी शंभू जाजोदिया ने दी। आयोजन का संयोजन नंदलाल जालान फाउंडेशन की ओर से किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।