रानीगंज थाना की ओर से पूजा प्रीति मिलन समारोह का आयोजन
रानीगंज। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत रानीगंज थाना की ओर से पूजा प्रीति मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस प्रशासन एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने एक-दूसरे को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर एसीपी विमान मिर्धा ने कहा कि त्योहारों के माध्यम से लोग एक-दूसरे के करीब आते हैं। ऐसे प्रीति मिलन समारोह आपसी अभिवादन और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों के सहयोग से ही त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराना संभव हो पाता है।
रानीगंज के विधायक पार्थो घोष ने पुलिस प्रशासन की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने पूरी जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी भूमिका निभाई, जिसके कारण क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सफलता मिली। उन्होंने पुलिसकर्मियों के सेवाभाव की भी प्रशंसा की।
वहीं, जामुड़िया के विधायक बिश्वनाथ मुखर्जी ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रानीगंज और जामुड़िया परस्पर जुड़े हुए शहर हैं। दोनों क्षेत्रों के बीच विभिन्न स्तरों पर बेहतर संपर्क और समन्वय है, जिसे आगे भी मजबूत बनाए रखना आवश्यक है।
समारोह में रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष जुगल गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष रोहित खेतान, भाजपा राज्य कार्यकारिणी के सदस्य मनोज ओझा, सभापति सिंह, अनुराधा मालिया तथा आसनसोल जिला युवा मोर्चा के भाजपा नेता अभिक मंडल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम में जेके नगर थाना प्रभारी नसरुन सुल्ताना भी उपस्थित थीं। समारोह की संयोजक पंजाबी मोड़ थाना प्रभारी नजमुल हुदा रहे। अतिथियों का अभिवादन रानीगंज थाना प्रभारी पार्थो घोष ने किया।
