रानीगंज श्री श्याम मंदिर में भाव-भजन संध्या, संजय मित्तल ने बांधा समां

रानीगंज स्थित श्री श्याम मंदिर प्रांगण में आयोजित भाव-भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायक संजय मित्तल ने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। उन्होंने “हरि का सहारा श्याम हमारा”, “तुम ना करोगे तो कौन करेगा” और “दिल ना लगे तो किसे याद करूंगा” जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रोताओं को खाटू नरेश के प्रति आस्था और भक्ति से जोड़ दिया

भजनों के बीच संजय मित्तल ने पश्चिम बंगाल के राजनीतिक माहौल पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अब “जय श्री राम” को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब “जय श्री राम” बोलने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। उनके अनुसार आज लोग “गुड मॉर्निंग” के जवाब में भी “जय श्री राम” कहने लगे हैं और खुलकर अपनी आस्था व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले श्याम कीर्तन से लेकर राम कीर्तन तक पर कई तरह की बाधाएं आती थीं, लेकिन अब बाबा की कृपा से स्थिति बदल गई है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंजता रहा। आयोजन समिति की ओर से पवन केजरीवाल एवं विमल शर्मा ने बताया कि संजय मित्तल का रानीगंज आगमन श्रद्धालुओं के लिए विशेष अवसर रहा और पूरे आयोजन को भक्तों का भरपूर प्रेम मिला। कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रशासन का भी सराहनीय सहयोग रहा।