
रानीगंज को उसके गौरवपूर्ण स्वरूप में लौटाने का प्रयास : विधायक पार्थो घोष
रानीगंज। रानीगंज के बांगो भवन में सिटीजन फोरम की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में रानीगंज के निर्वाचित भाजपा विधायक Partho Ghosh ने शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया।
उन्होंने कहा कि रानीगंज एक ऐतिहासिक शहर है, जिसे किसी अलग पहचान की आवश्यकता नहीं है। कोयलांचल क्षेत्र की पहचान भी रानीगंज के माध्यम से ही बनी है। उन्होंने बताया कि शहर की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य शुरू किया जा रहा है।
एनएसबी रोड पर लगातार बनी रहने वाली जाम की समस्या का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि इसका समाधान जनसहमति के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बलपूर्वक या केवल कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। शहर को सुनियोजित ढंग से विकसित करने के लिए व्यापक स्तर पर योजना तैयार की जा रही है।
नगर पालिका की पुनर्स्थापना तथा भवन निर्माण के नक्शा पास कराने में लोगों को हो रही परेशानियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे इन समस्याओं से भली-भांति अवगत हैं। पिछली सरकार द्वारा लागू की गई व्यवस्थाओं में आवश्यक बदलाव लाने के लिए कई प्रशासनिक प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ रहा है, जिस पर काम जारी है।
रानीगंज रेलवे स्टेशन पर विभिन्न रेलगाड़ियों के ठहराव की मांग को लेकर विधायक ने बताया कि रानीगंज चैंबर ऑफ़ कॉमर्स द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है और इस दिशा में भी प्रयास जारी हैं।
कार्यक्रम में सिटीजन फोरम के अध्यक्ष गौतम घटक ने रानीगंज की विभिन्न समस्याओं और शहर की पूर्व उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने आशा व्यक्त की कि रानीगंज को फिर से नई पहचान मिलेगी और शहर अपने गौरवशाली इतिहास को पुनः प्राप्त करेगा।
समारोह में विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने विधायक पार्थो घोष को सम्मानित किया। इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।