नवनिर्वाचित विधायक पार्थो घोष का भव्य स्वागत, दो वर्षों में वादे पूरे करने का दावा

रानीगंज। विश्व हिंदू परिषद की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में पहली बार रानीगंज पहुंचे नवनिर्वाचित भाजपा विधायक पार्थो घोष का जय श्रीराम के नारों के बीच भव्य स्वागत किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।

पार्थो घोष ने कहा कि राज्य और केंद्र में समान विचारधारा की सरकार होने से विकास कार्यों में तेजी आएगी तथा सभी सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी दो महीनों के भीतर केंद्र की महात्मा गांधी योजना, अन्नपूर्णा योजना तथा आयुष्मान भारत योजना सहित कई योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर दिया जाएगा और आगामी एक जून से लोगों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई पद रिक्त हैं, जिन्हें शीघ्र भरा जाएगा। साथ ही चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पांच वर्षों में नहीं बल्कि दो वर्षों के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन मनीष शर्मा ने किया। इस अवसर पर रवि केसरी, संजय बाजोरिया, ललित झुनझुनवाला, अरुण गोयनका, जयप्रकाश जाजोदिया तथा रंजीत केसरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।