
जन्माष्टमी महोत्सव में रानीगंज बना वृंदावन, श्री सीताराम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्म पर गूंजा ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’, भक्तिभाव में डूबा शहर

रानीगंज। श्री सीताराम जी मंदिर, आयोजित भव्य एवं ऐतिहासिक झूलन महोत्सव के दौरान पूरा शहर मानो वृंदावन के स्वरूप में नजर आया। संध्या होते ही श्रद्धालुओं का मंदिर परिसर में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तजन लड्डू गोपाल को आकर्षक ढंग से सजाकर मंदिर पहुंचे। देखते ही देखते मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भर गया और चारों ओर भजन-कीर्तन तथा “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष गूंजने लगे।

जैसे-जैसे रात गहराती गई, भक्तिभाव और उत्साह बढ़ता गया। बड़ी संख्या में सनातन समाज के लोगों का एक साथ मंदिर परिसर में जुटना इस आयोजन का विशेष आकर्षण रहा। रानीगंज में इस प्रकार का भव्य धार्मिक समागम लंबे समय तक लोगों के लिए यादगार रहेगा।
मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का पावन क्षण आते ही पूरा मंदिर परिसर “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से गूंज उठा। परंपरा के अनुसार बाल गोपाल को सुंदर श्रृंगार कर झूले पर विराजमान कराया गया। भगवान के बाल स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती हुई और भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना करते हुए प्रसाद ग्रहण किया और प्रभु का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में देर रात तक भक्ति और उल्लास का वातावरण
श्री सीताराम जी मंदिर कमिटी ने महोत्सव में पधारकर इसे सफल एवं यादगार बनाने वाले सभी श्रद्धालुओं, नगरवासियों एवं भक्तजनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। कमिटी ने कहा कि सभी के प्रेम, श्रद्धा, सहयोग और उत्साह ने महोत्सव की शोभा बढ़ाई। साथ ही प्रभु श्री सीताराम जी से सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
सादर आभार — श्री श्री सीताराम जी मंदिर कमिटी, चित्तरंजन रोड, रानीगंज।