
मेजिया में श्याम स्टील की ₹15,000 करोड़ की परियोजना का भूमि पूजन, 20 हजार रोजगार की उम्मीद
रानीगंज/मेजिया। बांकुड़ा जिले के मेजिया में श्याम स्टील समूह की लगभग 15,000 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाली दूसरी इस्पात इकाई का भूमि पूजन समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक समय कहा जाता था कि राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश से आकर पश्चिम बंगाल में बसे लोग यहां के प्रवासी हैं और एक दिन यहां से चले जाएंगे। उन्होंने कहा, “आज मैं उन्हें आमंत्रित करता हूं। जरूरत पड़े तो सरकार की ओर से हेलीकॉप्टर की व्यवस्था भी कर दूंगा। वे यहां आकर देखें कि राजस्थान समाज के उद्योगपति इसी बंगाल की धरती पर हजारों करोड़ रुपये का निवेश कर किस प्रकार इस क्षेत्र के लोगों के लिए रोजगार और विकास के नए अवसर पैदा कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग स्थापना में हरसंभव सहयोग करेगी, साथ ही उद्योग प्रबंधन से स्थानीय श्रमिकों और कर्मचारियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने का आग्रह भी किया।
श्याम स्टील समूह के निदेशक **ललित बेरीवाल ने कहा कि 15,000 करोड़ रुपये का यह निवेश केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और विकसित पश्चिम बंगाल के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस विस्तार से उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, हजारों नए रोजगार सृजित होंगे और समूह देशभर में फैले 5,000 से अधिक डीलरों तथा एनएचएआई, भारतीय रेल, ओएनजीसी, बीएचईएल, आईओसीएल और अन्य प्रमुख संस्थानों की बढ़ती मांग को और बेहतर ढंग से पूरा कर सकेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना पश्चिम बंगाल के औद्योगिक पुनर्जागरण में मील का पत्थर साबित होगी।
इस परियोजना को लेकर रानीगंज और आसपास के क्षेत्रों में भी जबरदस्त उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री के स्वागत और उन्हें देखने के लिए पहुंचे, हालांकि वे हेलीकॉप्टर से सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे और भूमि पूजन के बाद वापस लौट गए। इसके बावजूद क्षेत्रवासियोंc में इस निवेश को लेकर सकारात्मक माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि परियोजना के शुरू होने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 20 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा तथा रानीगंज-अंचल में नए उद्योगों और निवेश की संभावनाओं को भी नई गति मिलेगी।