रानीगंज लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल में वार्षिक सम्मान समारोह ‘इंसपिरियोन-2026’ का भव्य आयोजन

रानीगंज। लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल में वार्षिक सम्मान समारोह ‘इंसपिरियोन-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परीक्षार्थियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ विभिन्न विषयों में 100 प्रतिशत तथा 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले मेधावी छात्रों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि काजी नजरूल विश्वविद्यालय, आसनसोल के कुलपति प्रो. डॉ. उदय बंद्योपाध्याय थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में टीडीबी कॉलेज, रानीगंज के पूर्व प्राचार्य प्रो. डॉ. नपांकन हाजरा उपस्थित रहे। डीएवी संस्थान, पश्चिम बंगाल क्षेत्र की क्षेत्रीय अधिकारी एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की प्रबंधक सुश्री पापिया मुखर्जी ने भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष लायन सपन लोयलका, लायन स्कूल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुशील कुमार गनेड़ीवाला, लायंस क्लब के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, गायत्री मंत्र एवं डीएवी गान के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने सामूहिक गीत और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और अनुशासन भी सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आनंद के साथ सीखने, निरंतर मेहनत करने और जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय अध्यक्ष लायन सपन लोयलका ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मंदिरा दे ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां विद्यालय और अभिभावकों दोनों के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके अनुशासन, परिश्रम और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।