
जामुड़िया में रक्तदान शिविर के दौरान माकपा-भाजपा आमने-सामने, दोनों पक्षों ने लगाए आरोप

जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या-3 के 10 नंबर इलाके में शनिवार को माकपा द्वारा दिवंगत नेता एवं पूर्व सांसद विकास चौधरी की पुण्यतिथि पर आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान राजनीतिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि पुलिस की तत्परता से मामला शांत हो गया और कार्यक्रम आगे संपन्न हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, माकपा की वरिष्ठ नेत्री मीनाक्षी मुखर्जी कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। इसी दौरान भाजपा के मंडल-4 के सचिव राजू गांगुली एवं युवा अध्यक्ष विशाल गांगुली कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो कुछ देर के लिए कार्यकर्ताओं की कहासुनी में बदल गई।
माकपा ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में बाधा डालने का प्रयास किया। मीनाक्षी मुखर्जी ने कहा कि भाजपा विपक्षी दलों की आवाज दबाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस प्रकार से भाजपा के शासन में विरोध की आवाज उठाने की स्वतंत्रता को सीमित करने की कोशिश की जा रही है, उसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने हंगामा करने वालों के खिलाफ पुलिस से कड़ी कार्रवाई एवं गिरफ्तारी की मांग की।

वहीं भाजपा ने माकपा के सभी आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया। भाजपा नेताओं का कहना है कि जमुड़िया क्षेत्र में माकपा के शासनकाल में लोगों पर अत्याचार और दुराचार की अनेक घटनाएं हुई थीं। उनका आरोप है कि रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यक्रम के मंच का उपयोग भाजपा के खिलाफ दुष्प्रचार करने के लिए किया जा रहा था। भाजपा का कहना है कि स्थानीय लोगों ने इसी पर सवाल उठाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि किसी भी मंच से भाजपा के खिलाफ गलत प्रचार किया जाएगा तो उसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि माकपा नेता अब्दुल कयूम ने उनके कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकी दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद रक्तदान शिविर का कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
फिलहाल दोनों राजनीतिक दलों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की बात कही है।