अमरनाथ यात्रा पर रवाना हुए 75 शिवभक्त, मॉर्निंग वॉकर योगा ग्रुप ने किया सम्मानित विदाई समारोह
रानीगंज। अमरनाथ यात्रा पर रवाना होने वाले शिवभक्तों का रानीगंज की सुप्रसिद्ध सामाजिक संस्था मॉर्निंग वॉकर योगा ग्रुप की ओर से भावपूर्ण स्वागत, सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं को पुष्पमाला पहनाकर तथा मंगलकामनाओं के साथ बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना किया गया।

संस्था के संयोजक तरुण बर्मन ने बताया कि पिछले 26 वर्षों से संस्था अमरनाथ यात्रा का सफलतापूर्वक आयोजन कर रही है। इस वर्ष रानीगंज एवं आसपास के क्षेत्रों के 75 शिवभक्त यात्रा दल के साथ बाबा अमरनाथ के पावन दर्शन के लिए रवाना हुए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी, मार्गदर्शन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना संस्था की प्राथमिकता रही है।
उन्होंने बताया कि यात्रा से लौटने के बाद सावन माह के प्रत्येक सोमवार को रानीगंज के जोड़ा महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने आने वाले शिवभक्तों की सेवा के लिए संस्था की ओर से सेवा शिविर लगाया जाता है, जहां श्रद्धालुओं को विभिन्न आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
तरुण बर्मन ने कहा कि संस्था का विश्वास है कि “देवों के देव महादेव की कृपा से ही जीवन में सुख, शांति और मंगल का मार्ग प्रशस्त होता है।”उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए बाबा बर्फानी से सबके कल्याण की प्रार्थना की।
विदाई समारोह में मॉर्निंग वॉकर योगा ग्रुप के विमल बाजोरिया, के.पी. सिंह, मनोज केसरी, डॉ. कन्हैया केसरी, गणेश प्रसाद सहित अन्य सदस्यों ने उपस्थित होकर शिवभक्तों का अभिनंदन किया और उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदा किया। पूरा वातावरण हर-हर महादेव” और बम-बम भोले” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।