
पश्चिम बंगाल दिवस पर बंगाल की गौरवशाली विरासत को किया गया याद

रानीगंज। रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से पश्चिम बंगाल दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक, साहित्यिक और राष्ट्रवादी परंपरा को स्मरण करते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए चैंबर के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज केसरी ने पश्चिम बंगाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बंगाल की धरती देशभक्ति, आध्यात्मिक चेतना, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक जागरण की जननी रही है। विशिष्ट वक्ता रोहित खेतान ने कहा कि बंगाल ने देश को अनेक महान विभूतियां दी हैं। स्वामी विवेकानंद के आध्यात्मिक संदेश से लेकर रवीन्द्रनाथ ठाकुर की साहित्य साधना तथा खुदीराम बोस जैसे क्रांतिकारियों के बलिदान ने देश के इतिहास को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि बंगाल की मिट्टी सदैव राष्ट्रप्रेम और जनजागरण की प्रेरणा देती रही है।
इस अवसर पर डॉ. फाल्गुनी चटर्जी ने पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि इतिहास के कई महत्वपूर्ण अध्यायों और महान व्यक्तित्वों को अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाया। विशेष वक्ता डॉ तुषार कांति बनर्जीहा कि स्वतंत्रता के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल दिवस को व्यापक रूप से मनाने का अवसर मिला है, जिससे राज्य की गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्रहित और राष्ट्रीय एकता के लिए समर्पित था। वक्ताओं ने कहा कि बंगाल की सभ्यता, संस्कृति, साहित्य और स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देने वाले महापुरुषों के कार्यों को नई पीढ़ी के समक्ष लाना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण तथा उसके व्यापक प्रचार-प्रसार का संकल्प भी लिया। चेंबर के सचिव शरद कानोरिया ने धन्यवाद ज्ञापन किया।त्
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
रानीगंज : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को रानीगंज के रॉबिंसन स्टेडियम में मॉर्निंग वॉकर योगा ग्रुप की ओर से भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पतंजलि योग संस्थान के प्रशिक्षक डॉ. उमेश प्रसाद, मंजू प्रसाद तथा अशोक दत्ता की उपस्थिति में योगासन, प्राणायाम एवं आयाम-व्यायाम का अभ्यास कराया गया। इस दौरान स्वस्थ, संतुलित एवं सुखमय जीवन के लिए योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। विशेष रूप से सजाए गए स्टेडियम परिसर में विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में शिक्षक, छात्र, व्यवसायी, कर्मचारी तथा विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
इसी क्रम में रानीगंज के डीएवी पब्लिक स्कूल में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। विद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया तथा नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रशासन ने योग को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य की कुंजी बताते हुए इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।