
अजय नदी पर बना अस्थायी पुल तेज बहाव में बहा, हजारों लोगों का संपर्क टूटा
जामुड़िया। लगातार हो रही बारिश के कारण जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के दरबारडांगा स्थित अजय नदी पर बना अस्थायी पुल मंगलवार रात करीब आठ बजे तेज जलधारा में बह गया। पुल के बह जाने से पश्चिम बर्दवान और बीरभूम जिले के बीच आवागमन करने वाले हजारों लोगों का संपर्क प्रभावित हो गया है। फिलहाल लोगों के पास नदी पार करने के लिए नाव ही एकमात्र सहारा बचा है। जलस्तर कम होने के बाद अस्थायी बेड़े (भेला) के माध्यम से भी लोगों के आवागमन की व्यवस्था की जा सकती है।

दरबारडांगा का यह अस्थायी पुल जामुड़िया औद्योगिक क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। प्रतिदिन हजारों मजदूर, छात्र, व्यवसायी और स्थानीय निवासी इसी पुल के माध्यम से दोनों जिलों के बीच आवाजाही करते हैं। विशेष रूप से श्याम स्टील्स, गगन फेरोटेक सहित अन्य बड़े उद्योगों में कार्यरत बीरभूम जिले के बड़ी संख्या में श्रमिक इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। पुल बह जाने से उन्हें लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों बढ़ेंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अजय नदी पर स्थायी पुल निर्माण की मांग कई वर्षों से की जा रही है। लगभग हर वर्ष बरसात के दौरान अस्थायी पुल बह जाता है और इसके बाद स्थायी पुल को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो जाती हैं, लेकिन बारिश समाप्त होते ही मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।
इस वर्ष राज्य में सरकार परिवर्तन के बाद लोगों को उम्मीद जगी थी कि केंद्र और राज्य में एक ही दल की सरकार होने से स्थायी पुल निर्माण का रास्ता आसान होगा। जामुड़िया की विधायक बीजोन मुखर्जी ने भी इस संबंध में सरकार के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया है। हालांकि हालिया बजट में इस पुल के निर्माण का कोई उल्लेख नहीं होने से लोगों में निराशा देखी गई।
विधायक बीजोन मुखर्जी ने कहा कि स्थायी पुल निर्माण का प्रस्ताव सरकार को सौंपा जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रस्ताव का बजट में उल्लेख होना आवश्यक नहीं होता। सरकार इस क्षेत्र की समस्या से पूरी तरह अवगत है और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि पिछले कई दशकों से उपेक्षित इस महत्वपूर्ण परियोजना पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
पुल बह जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने तथा अजय नदी पर स्थायी पुल निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की है।