
रानीगंज चैंबर के सम्मान समारोह में बोले डॉ. अजय पोद्दार, विकास कार्यों का दिया भरोसा

रानीगंज। रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में पश्चिम बंगाल सरकार के पीडी मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने कहा कि लोगों की अपेक्षाओं और विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य को फिर से “सोनार बांग्ला” बनाने के लिए केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले वाम मोर्चा सरकार और बाद के वर्षों में राज्य की स्थिति खराब हुई, जिसे अब सुधारने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉ. पोद्दार ने रानीगंज के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि रानीगंज बायपास सड़क परियोजना का कार्य अगले मार्च से शुरू होने की उम्मीद है। वहीं, शहर की सबसे बड़ी समस्या जाम से राहत दिलाने के लिए एनएसबी रोड के विकास की रूपरेखा आगामी अक्टूबर तक तैयार कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि पूरे पश्चिम बंगाल में आधारभूत संरचना के विकास की प्रक्रिया तेज कर दी गई है तथा औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए दुर्गापुर में केंद्रीयकृत सिंगल विंडो व्यवस्था स्थापित की जा रही है, जिससे निवेश और उद्योगों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और भरोसे के बल पर विकास का यह अभियान सफल होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता युगल किशोर गुप्ता ने की, जबकि संचालन रोहित खेतान ने किया। इस अवसर पर महेश खेरिया, मनोज केसरी, शरद कनोडिया, राजेश गनेड़ीवाला तथा आर.पी. खेतान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और व्यापारिक विकास में उसके योगदान पर भी प्रकाश डाला।