आसनसोल। गौ माता की रक्षा, सेवा और सम्मान की मांग को लेकर सोमवार को आसनसोल, दुर्गापुर, रानीगंज, जामुड़िया, बाराकर सहित पश्चिम बर्दवान के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों गौ भक्त रैली निकालकर आसनसोल जिला समाहरणालय पहुंचे। जिला कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर जिलाधिकारी एस. सौरव मोहंती (आईएएस) को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा गया।

इससे पहले जिला समाहरणालय के निकट सीएलजी मैदान में एक जनसभा आयोजित की गई, जिसमें गौ संरक्षण, गौशालाओं की स्थिति में सुधार, गौ माता को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने तथा गौ हत्या पर प्रभावी प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई गई। जनसभा के बाद विशाल रैली जिला समाहरणालय पहुंची, जहां प्रदर्शन के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
रैली में शामिल गौ भक्तों का मुख्य नारा था— “गौ माता का सम्मान, गाय को राष्ट्रीय सम्मान।” पूरे कार्यक्रम के दौरान गौ संरक्षण के समर्थन में जोरदार नारे लगाए गए और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भागीदारी की।
रानीगंज से भी सैकड़ों गौ भक्त सुबह श्री श्याम मंदिर प्रांगण से बसों एवं अन्य वाहनों के माध्यम से आसनसोल पहुंचे और इस राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। आयोजकों ने बताया कि गौ संरक्षण से संबंधित मांगों को केंद्र सरकार तक पहुंचाने के लिए देशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत विभिन्न जिलों से ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं।