रानीगंज में 5 किमी मैराथन का आयोजन, झारखंड की बेटियों और गोरखपुर के धावक ने मारी बाजी
रानीगंज। मॉर्निंग वॉकर योग ग्रुप, रानीगंज एथलेटिक एवं चैंपियन सिक्योरिटी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को 5 किलोमीटर मिनी मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल एवं उत्तर प्रदेश से आए करीब 530 महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मैराथन का शुभारंभ रॉबिंसन स्टेडियम से समाजसेवी आर.पी. खेतान ने हरी झंडी दिखाकर किया।

पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा के दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बादशा चटर्जी ने विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और इस प्रतियोगिता में भी इसका शानदार उदाहरण देखने को मिला। उन्होंने कहा कि बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से आए प्रतिभागियों की उपस्थिति इस आयोजन की सफलता का प्रमाण है। भविष्य में भी इस तरह के खेल आयोजनों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन मनोज केसरी ने किया। इस अवसर पर चार्टर्ड अकाउंटेंट महेंद्र साह, डॉ. मनोज कुमार, अशोक अरोड़ा, भाजपा युवा नेता रवि केसरी, दिनेश सोनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन का संयोजन रवि सिंह ने किया।
प्रतियोगिता के महिला वर्ग में झारखंड की धाविकाओं का दबदबा रहा। पिया सिंह ने प्रथम, मंजू कुमारी ने द्वितीय तथा अदिति रजक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में अभिषेक कुमार प्रथम, सुभदीप गोराई द्वितीय तथा संतोष कुमार यादव तृतीय स्थान पर रहे। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस और खेल भावना को बढ़ावा देना है। आयोजन को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
महिला वर्ग के शीर्ष विजेता:
- पिया सिंह
- मंजू कुमारी
- अदिति रजक
पुरुष वर्ग के शीर्ष विजेता:
- अभिषेक कुमार
- सुभदीप गोराई
- संतोष कुमार यादव