रानीगंज में चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस पर जागरूकता रैली, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण
रानीगंज।द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की रानीगंज शाखा की ओर से सीए दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने शहर में जागरूकता रैली निकालकर समाज को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और वित्तीय जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के तहत रॉबिन्सन स्टेडियम परिसर में स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत साफ-सफाई की गई तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण भी किया गया। साथ ही संस्था की सामाजिक जिम्मेदारियों को रेखांकित करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया गया।

शाखा की चेयरपर्सन सीए स्वीटी केडिया ने कहा कि आईसीएआई का उद्देश्य केवल चार्टर्ड अकाउंटेंट तैयार करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन, आवश्यक सुविधाएं और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्रों को सम्मानित करना, पढ़ाई के दौरान उनका मार्गदर्शन करना तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चार्टर्ड अकाउंटेंट पेशे को नई पहचान और सम्मान मिला है। आज देश की आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में चार्टर्ड अकाउंटेंट महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और वित्तीय पारदर्शिता एवं विकास में उनका योगदान लगातार बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में संस्था की वरिष्ठ सदस्य सीए रश्मि टोडानी मुस्कान कालोटिया महेंद्र साव राजकुमार गढ़वाला सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
