सामाजिक उत्थान, व्यवसायिक मार्गदर्शन एवं आध्यात्मिक जागरण कार्यक्रम संपन्न, युवाओं के पलायन पर भी उठे सवाल

रानीगंज। पश्चिम बंग प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन एवं अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को श्री श्री सीताराम जी भवन के टॉप फ्लोर में सामाजिक उत्थान, व्यवसायिक मार्गदर्शन एवं आध्यात्मिक जागरण को लेकर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी रही। हालांकि समारोह के दौरान यह चर्चा भी प्रमुखता से सामने आई कि जिस विषय को लेकर सेमिनार आयोजित किया गया, उसमें अपेक्षित संख्या में युवा वर्ग की उपस्थिति देखने को नहीं मिली। साथ ही कई वक्ता व्यावहारिक स्तर पर युवाओं को ठोस दिशा देने में सीमित नजर आए। कार्यक्रम के माध्यम से यह सवाल भी उठा कि रानीगंज आंचल के सैकड़ों शिक्षित और प्रतिभाशाली युवाओं को हर वर्ष रोजगार एवं बेहतर अवसरों की तलाश में दूसरे शहरों की ओर पलायन करना पड़ता है, इसे रोकने के लिए समाज, उद्योग जगत एवं सभी वर्गों को मिलकर ठोस पहल करनी होगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ सांस्कृतिक प्रस्तुति से हुआ, जिसमें जुथिका दीदी की टीम शारण्य द्वारा मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय उद्योगपति एवं मोटिवेशनल स्पीकर विमल जी पटवारी ने “हाउ टू स्केल योर बिजनेस” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि रानीगंज एवं आसपास के क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें धरातल पर उतारने की आवश्यकता है।
चार्टर्ड अकाउंटेंट विकास जी जैन ने “बिजनेस ग्रोथ एवं सेल्फ डेवलपमेंट” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव लाकर समय के अनुरूप स्वयं को ढालना चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परिषद के महामंत्री केदारनाथ गुप्ता ने कहा कि संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण के साथ-साथ युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण भी प्रदान करती है और आज का आयोजन उसका एक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज तेजी से नकारात्मकता की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में सकारात्मक सोच अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
वहीं आरपी खेतान ने समाज द्वारा किए जा रहे विभिन्न सामाजिक कार्यों की जानकारी देते हुए युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में “संस्कारवान माता-पिता, संस्कारी समाज” विषय पर डॉ. स्वामी चिदानंद ब्रह्मचारी जी महाराज ने आध्यात्मिक एवं नैतिक मूल्यों पर विस्तृत प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संयोजन एवं प्रतिवेदन अध्यक्ष ओमप्रकाश बाजोरिया ने प्रस्तुत किया तथा सभी अतिथियों का स्वागत किया। अंत में हाई-टी के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।