
दीघा में एक्सप्रेस न्यूज़ की पत्रकार सम्मेलन, बदलते दौर में मीडिया की भूमिका पर मंथन
दीघा (पश्चिम बंगाल)।
एक्सप्रेस न्यूज़ (express news) की ओर से दीघा में एक भव्य पत्रकार सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओड़िशा, कर्नाटक (बेंगलुरु) सहित विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों ने भाग लिया। सम्मेलन का मुख्य विषय “वर्तमान परिप्रेक्ष्य में पत्रकारों की भूमिका” रहा, जिस पर विस्तृत परिचर्चा की गई।
इस अवसर पर एक्सप्रेस न्यूज़ के मैनेजिंग डायरेक्टर मदन सिंह को मीडिया जगत में उनके 25 वर्षों के योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि बदलते समय के अनुरूप मीडिया को भी स्वयं में बदलाव लाना होगा। साथ ही शोषित-वंचित समाज की आवाज़ बनते हुए, लोकतंत्र और वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर सतत निगरानी रखना मीडिया की अहम जिम्मेदारी है।

सम्मेलन में भुवनेश्वर UT Mirror के मैनेजिंग एडिटर एवं एक्सप्रेस न्यूज़ के ओड़िशा प्रभारी मनोज प्रधान, इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन (पश्चिम बंगाल) के वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक जागरण से जुड़े विमल देव गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार राणा घोष, तथा तारापीठ से पत्रकार आशीष कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

मनोज प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में पत्रकार की पहचान उसी तरह बनती है, जैसा वह स्वयं को स्थापित करता है। देश और समाज को आज भी निष्पक्ष, जिम्मेदार और प्रतिबद्ध पत्रकारिता की आवश्यकता है।
वहीं विमल देव गुप्ता ने कहा कि पत्रकार का समाज के प्रति जितना दायित्व है, उतनी ही जिम्मेदारी समाज की भी पत्रकारों के प्रति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एकतरफा पत्रकारिता संभव नहीं है, संवाद और विश्वास दोनों जरूरी हैं।

तारापीठ के पत्रकार आशीष कुमार ने कहा कि पहले पत्रकार किसी एक विषय पर केंद्रित होकर काम करते थे, लेकिन आज के दौर में हर क्षेत्र पर नजर रखना आवश्यक हो गया है। तकनीकी बदलाव और आधुनिकता के साथ पत्रकारिता की चुनौतियाँ भी बढ़ी हैं।
सम्मेलन में सभी वक्ताओं ने एकमत से कहा कि सत्य, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकार ही पत्रकारिता की आत्मा है, जिसे किसी भी परिस्थिति में कमजोर नहीं होने देना चाहिए।