
रानीगंज में श्याम भक्ति का त्रिदिवसीय महोत्सव, नगर बना खाटू धाम
रानीगंज। देवनगरी रानीगंज में श्री श्याम मंदिर के द्वितीय स्थापना उत्सव एवं श्री श्याम बाल मंडल के 41वें वार्षिक महोत्सव के अवसर पर भव्य त्रिदिवसीय आयोजन का शुभारंभ भक्ति और उल्लास के साथ हुआ। प्रथम दिन श्री सीतारामजी मंदिर प्रांगण से ध्वज-निशान शोभा यात्रा निकाली गई, जो नगर परिभ्रमण करते हुए नवनिर्मित श्री श्याम मंदिर पहुंची। यात्रा में बंगाल की महिलाओं द्वारा ढाक वादन, राजस्थान के सुप्रसिद्ध ढप की सुरीली भजन प्रस्तुति तथा उज्जैन से पधारे कलाकार के डमरू-नाद ने वातावरण को भक्तिमय कर दिया। जय श्री श्याम के जयघोषों के बीच भक्तों ने रानीगंज की परिक्रमा की। मार्ग में जगह-जगह सेवा शिविर लगे, घर-घर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने श्री श्याम के दर्शन किए। प्रथम दिन पूरे नगर में ऐसी भक्ति की छटा बिखरी कि रानीगंज वृंदावन और खाटू धाम में परिवर्तित प्रतीत हुआ।

मंडल की ओर से विनोद बंसल ने बतलाया कि एकादशी कीर्तन एवं प्रसाद भजन प्रवाहक श्री सागर शर्मा गुड़गांव दिल्ली के द्वारा शाम को आयोजित होगा शुक्रवार को श्री हनुमान चालीसा पाठ एवं ससवर संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा ।श्री बालाजी सत्संग समिति कोलकाता द्वारा एवं पाठवाचक नंदू जी पेरीवाल कोलकाता द्वारा आयोजित होगा। श्री श्याम बाल मंडल श्री श्याम मंदिर रानीगंज के ट्रस्टी पवन केजरीवाल ने बताया कि श्याम लीन पंडित काशीराम जी शर्मा एवं श्यामलिन कुलभूषण जी शर्मा के आशीर्वाद एवं श्रद्धा श्री हजारीमल जी सैनी एवं गौरव जी शर्मा के पावन सानिध्य से देवनगरी रानीगंज में हारे के सहारे कलयुग अवतार श्री श्याम मंदिर के तृतीय स्थापना उत्सव एवं श्री श्याम बाल मंडल के 41 वे श्याम वार्षिकोत्सव के उपलक्ष पर भव्य तीन दिवसीय आयोजन हो रहा है। श्याम मंदिर के ट्रस्टी विष्णु बिमल सराफ ने कहा कि 31 जनवरी को बरेली से आमंत्रित कलाकार अंजलि त्रिवेदी एवं कोलकाता के लव अग्रवाल एवं हर्षिता डीडवानिया भजनों की अमृत वर्षा बरसाएंगे। सूरजगढ़ दरबार के ह्रदय श्री हजारीमल जी सैनी एवं हिसार से श्री गौरव जी शर्मा कार्यक्रम में उपस्थित हुए हैं। मंदिर के भक्त विमल श्रॉफ, आदित्य केजरीवाल, राहुल केजरीवाल, कौशल सिंह ,साबरमल सिंघानिया, मनोज ओझा, दीपक झुनझुनवाला, संदीप शर्मा, एवं अन्य कई श्याम भक्त कार्यक्रम को सुसज्जित करने अहम भूमिका निभा रहे हैं।
डमरू वादन ने दिलाई पहचान — प्रफुल्ल द्विवेदी
विमल देव गुप्ता

रानीगंज। उज्जैन से पधारे डमरू एवं झरना वादन के साधक कलाकार प्रफुल्ल द्विवेदी ने श्री श्याम बाल मंडल द्वारा आयोजित श्री श्याम मंदिर के द्वितीय वार्षिक समारोह में अपनी अनोखी प्रस्तुति से नगरवासियों का दिल जीत लिया। उनके आगमन से पूरा शहर शिवमय हो उठा और भक्तों ने उन्हें भरपूर स्नेह दिया।
दैनिक जागरण से विशेष वार्तालाप में प्रफुल्ल द्विवेदी ने कहा कि वे वर्ष 2012 से पूरी तरह इस साधना और कला से जुड़े हुए हैं। प्रारंभ में यह उनकी निजी साधना थी, लेकिन धीरे-धीरे यह उनकी पहचान बन गई। उन्होंने बताया कि आज देश के विभिन्न हिस्सों में लोग उन्हें डमरू एवं झरना वादन की इस विशिष्ट कलाकृति के कारण पहचानते हैं।
उन्होंने रानीगंज के श्रद्धालुओं के प्रेम और सम्मान की सराहना करते हुए कहा कि यहां की भक्ति और अपनापन हमेशा स्मरणीय रहेगा। श्याम मंदिर के भव्य आयोजन में शामिल होकर उन्हें आत्मिक शांति और नई ऊर्जा मिली।