पूजा के पहले 1500 बस चलेगी मंत्री अर्जुन सिंह

रानीगंज। पश्चिम बंगाल सरकार के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह रविवार शाम को रानीगंज के श्री श्याम मंदिर पहुंचे। उनके आगमन पर मंदिर कमेटी के सदस्यों ने उनका भावपूर्ण स्वागत किया। शाम होते ही मंदिर परिसर में मंत्री के समर्थकों एवं स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा कि वह मुख्य रूप से श्री श्याम बाबा के दर्शन के लिए रानीगंज आए हैं। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि सनातन धर्मावलंबियों को धार्मिक एकता एवं संगठन की शक्ति प्रदान करें। मंदिर कमेटी की ओर से विष्णु सराफ कौशल कुमार सिंह विनोद बंसल एवं सदस्यों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें रानीगंज स्थित श्री श्याम मंदिर के ऐतिहासिक महत्व से भी अवगत कराया गया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए परिवहन मंत्री ने कहा कि राज्य में लगभग 650 नई सरकारी बसें लाई जा रही हैं। इसके अलावा निजी वोल्वो समेत अन्य बसों को मिलाकर करीब 1500 नई बसें दुर्गा पूजा से पहले सड़कों पर उतारने की योजना है। इन बसों के माध्यम से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों को बेहतर यातायात सुविधा से जोड़ा जाएगा तथा जहां परिवहन सुविधाओं की कमी है, उसे दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना परमिट के ऑटो और टोटो का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय एवं अन्य प्रमुख राजमार्गों पर ऑटो-टोटो जैसे वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। सड़कों की स्थिति के संबंध में पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि पूर्व में सड़कों के निर्माण में हुई कमियों के कारण वर्तमान स्थिति उत्पन्न हुई है। हालांकि दुर्गा पूजा से पहले सड़कों की मरम्मत का कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक मनीष शर्मा ने मंत्री के आगमन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले मंदिर कमेटी, व्यवस्थापकों एवं समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी सदस्य रवि केसरी, दिनेश सोनी तथा सामाजिक कार्यकर्ता कौशल कुमार सिंह सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित थे।