
रानीगंज के कोयला आंचल की पुरानी पहचान और गौरव को पुनः स्थापित करना है।
रानीगंज।
रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी के बीच भाजपा प्रत्याशी पार्थो घोष लगातार जनसंपर्क अभियान और चुनावी सभाओं के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं। ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक वे सक्रिय रूप से लोगों से संवाद कर रहे हैं।

अपने संबोधनों में उन्होंने राज्य की वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए पिछले दस वर्षों के कार्यकाल को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन व्यवस्था में नीचे स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक भ्रष्टाचार व्याप्त है, जिसके कारण राज्य का समुचित विकास बाधित हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पार्थो घोष ने कहा कि उनकी प्राथमिकता रानीगंज के कोयला आंचल की पुरानी पहचान और गौरव को पुनः स्थापित करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में शिक्षा आम लोगों की पहुंच से बाहर होती जा रही है तथा स्वास्थ्य सेवाएं भी पर्याप्त नहीं हैं। साथ ही, शहर में बढ़ती यातायात समस्या को भी उन्होंने एक गंभीर मुद्दा बताते हुए इसके समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।
रानीगंज शहर को खाली कराने की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने इसे निराधार बताया। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों से इस तरह की बातें सामने आती रही हैं, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक नोटिस या दस्तावेज सामने नहीं आया है। इस मुद्दे पर उन्होंने खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि वे तथ्यों के आधार पर जनता के सामने सच्चाई रखने को तैयार हैं। उनके साथ ब्लॉक अध्यक्ष शमशेर सिंह जिला कार्यकारिणी के सदस्य रवि केसरी वरिष्ठ भाजपा नेता मोनू वर्मा प्रमुख भी उपस्थित थे।