
वापसी के साथ जोश भरी रैली में उतरीं विधायक अग्निमित्रा पाल
लगभग एक महीने की शारीरिक अस्वस्थता से उबरने के बाद आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल शुक्रवार को जब अपने क्षेत्र में लौटीं, तो पूरा इलाका उत्साह से गूंज उठा। आते ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जोश भर दिया। रानीगंज के रानीशहर से उनके स्वागत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक विशाल बाइक रैली निकाली, जिसमें स्वयं विधायक अग्निमित्रा पाल खुले वाहन में सवार होकर शामिल हुईं। उन्होंने हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर न केवल कार्यकर्ताओं, बल्कि आम जनता का भी अभिवादन स्वीकार किया।

रैली रानीशहर से शुरू होकर जेके नगर मोड़, काली पहाड़ी और जुबली मोड़ होते हुए बर्नपुर के बारी मैदान स्थित मां काली मंदिर तक पहुंची। पूरे रास्ते भाजपा समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बारी मैदान पहुंचने के बाद विधायक पाल ने मां काली की पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान अग्निमित्रा पाल ने बताया कि अस्वस्थता के कारण उन्हें दो बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। उन्होंने कहा कि एक महीने बाद अपने विधानसभा क्षेत्र में लौटना उनके लिए भावनात्मक क्षण है। इसी दौरान उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा राज्य के अग्निशमन मंत्री सुजीत बसु सहित अन्य ठिकानों पर की गई छापेमारी पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।