श्री सीताराम जी मंदिर में भागवत सप्ताह को लेकर कथा वाचक का भव्य स्वागत

रानीगंज स्थित श्री सीताराम जी मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाली भागवत सप्ताह के अवसर पर ऋषिकेश से पधारे प्रसिद्ध कथा वाचक स्वामी अमृत प्रकाश जी का भव्य स्वागत किया गया। मंदिर परिसर में सनातन परंपरा के अनुसार उनका चरण पूजन, आरती एवं स्वागत सम्मान किया गया।

इस अवसर पर स्वामी अमृत प्रकाश जी ने संक्षेप में भागवत कथा एवं सनातन धर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गृहस्थ जीवन में सुख-दुख, धर्म और कर्म सभी निहित होते हैं, लेकिन वही मनुष्य वास्तव में शरणागत होता है जो ईश्वर के प्रति पूर्ण समर्पण कर पाता है। उन्होंने कहा कि दुख और संकट से ग्रस्त व्यक्ति अथवा धर्म के मार्ग पर चलने वाला व्यक्ति अंततः प्रभु के चरणों में शरण लेता है। भागवत कथा का श्रवण समस्त मनोकामनाओं की पूर्ति करने वाला होता है।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष विमल बाजोरिया ने बताया कि आठ दिनों तक चलने वाली भागवत सप्ताह का शुभारंभ आगामी मंगलवार से होगा। इसके पूर्व सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।