
रानीगंज बचाओ मंच के गोपाल आचार्य ने नामांकन भरा
RAN NEWS PHOTO
रानीगंज: क्षेत्र के विशिष्ट समाजसेवी, व्यवसायी एवं रानीगंज बचाओ मंच के सक्रिय सदस्य गोपाल आचार्य ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में रानीगंज विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल कर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। नामांकन के बाद आचार्य ने कहा कि उनका जन्म, शिक्षा और पालन-पोषण रानीगंज में ही हुआ है, इसलिए वे इस मिट्टी के ऋणी हैं और इसी कर्ज को चुकाने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दामोदर से अजय नदी तक पूरे इलाके में सुनियोजित तरीके से पर्यावरण का दोहन किया जा रहा है, जिससे जलस्रोत सूखते जा रहे हैं और हरियाली समाप्त होती जा रही है। साथ ही उन्होंने रानीगंज आंचल को खाली कराए जाने को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों का विरोध करते हुए कहा कि वे इसके खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहेंगे। आचार्य ने अवैध खनन, ओसीपी परियोजनाओं और नदियों में अवैध बालू खनन को लेकर भी चिंता जताई तथा बताया कि इन मुद्दों पर उन्होंने कोलकाता उच्च न्यायालय में मामला दायर किया है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के लोगों के अधिकारों की रक्षा करना और रानीगंज के समग्र विकास के लिए संघर्ष करना है।