22 जनवरी को रानीगंज गौशाला कार्यकारिणी समिति का चुनाव

रानीगंज। रानीगंज गौशाला की कार्यकारिणी समिति का चुनाव दस वर्षों से अधिक समय बाद आगामी 22 जनवरी (गुरुवार), 2026 को आयोजित होने जा रहा है। लंबे अंतराल के बाद होने वाले इस चुनाव को लेकर गौशाला से जुड़े सदस्यों और गौ-भक्तों में उत्साह देखा जा रहा है।
गौशाला में अब तक हुए विकास कार्यों की गति को निरंतर बनाए रखने और गौ-माता की सेवा को और अधिक सशक्त करने के उद्देश्य से यह चुनाव कराया जा रहा है। इस चुनाव में कुल 23 गौ-भक्त उम्मीदवार मैदान में हैं, जो गौशाला को समय देने और सेवा भाव से कार्य करने के इच्छुक हैं। समिति की अपील है कि सदस्यगण इनमें से 19 उम्मीदवारों को अपना बहुमूल्य मत देकर विजयी बनाएं और मतदान करते हुए यह गर्व महसूस करें कि वे रानीगंज गौशाला के सक्रिय सदस्य हैं।
जानकारी के अनुसार, कई बैठकों के बाद भी आपसी सहमति से समिति का गठन संभव नहीं हो सका। मतभेद और सहमति के अभाव के कारण अंततः गौशाला प्रबंधन समिति को चुनाव की प्रक्रिया अपनानी पड़ी। इस दौरान आपसी कहासुनी की स्थिति भी सामने आई, लेकिन प्रबंधन का मानना है कि चुनाव समय की मांग है।
गौशाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ललित खेतान ने स्पष्ट किया कि यह चुनाव किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि गौ-सेवा को समर्पित और सक्रिय लोगों को आगे लाने के उद्देश्य से कराया जा रहा है। समिति का कहना है कि वे चाहते हैं कि वही लोग इस प्रक्रिया में शामिल हों, जो वास्तव में गौ-माता की सेवा करना चाहते हैं और गौशाला के विकास में अपना योगदान दे सकें। इसी भावना के साथ चुनावी प्रक्रिया शुरू की गई है।