
रानीगंज ,भाजपा के समर्थकों ने त्रिवेणी देवी बालोटिया कॉलेज के बाहर एआरओ के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। धरने पर बैठे रानीगंज मंडल अध्यक्ष शमशेर सिंह ने बताया कि एसएआर के अंतर्गत फॉर्म-7 जमा करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता पहले ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिस पहुंचे थे। वहां से उन्हें बताया गया कि त्रिवेणी देवी भारतीय कॉलेज एवं रानीगंज गर्ल्स कॉलेज में फॉर्म जमा करने की व्यवस्था है।
इस सूचना के आधार पर जब भाजपा कार्यकर्ता त्रिवेणी देवी भारतीय कॉलेज में एआरओ के पास पहुंचे, तो वहां मौजूद दो अधिकारियों ने साफ तौर पर यह कह दिया कि उनके पास फॉर्म-7 जमा लेने का कोई प्रावधान नहीं है और वे फॉर्म स्वीकार नहीं करेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के नियमों का हवाला देते हुए कहा कि चुनावी नियमों के अनुसार फॉर्म-7 जमा किया जाना अनिवार्य है, लेकिन इसके बावजूद जब फॉर्म लेने से इनकार किया गया तो कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए।
धरने के दौरान मंडल अध्यक्ष शमशेर सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया है, जिसकी शिकायत वे संबंधित उच्च अधिकारियों से करेंगे।
वहीं इस पूरे मामले पर ए आ ओ कंचन मलिक ने बताया कि उन्हें एक लिखित नियम (गाइडलाइन) दी गई है, उसी के तहत वे फॉर्म स्वीकार करते हैं और आगे की प्रक्रिया को क्रियान्वित करते हैं। उन्होंने इससे इतर किसी अन्य कारण को स्वीकार करने से इनकार किया।