
रानीगंज पुलिस को बड़ी सफलता, दो चोरी की घटनाओं में तीन शातिर गिरफ्तार
रानीगंज। चांदमारीडांगा और हलुद फैक्ट्री रोड इलाके में हुई दो चोरी की घटनाओं के मामले में रानीगंज पुलिस स्टेशन को बड़ी सफलता मिली है। रानीगंज थाना की ओर से आज जानकारी दी गई कि खाली घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले बांकीपुरा (बांकुड़ा) जिले के केटरडांगा क्षेत्र के आश्रमपाड़ा के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
इन दोनों चोरी की घटनाओं को लेकर रानीगंज पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद रानीगंज थाना के दो अधिकारियों प्रीतम पाल और परवेज आलम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, आसपास के साक्ष्य और आरोपियों के मोबाइल टावर लोकेशन का विश्लेषण किया गया।
मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों का पीछा करते हुए अंडाल तक पहुंची, जहां मालगाड़ी के ऊपर छिपे हुए तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी बांकुड़ा जिले के निवासी हैं और उनके खिलाफ बांकुड़ा में भी कई मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम शामीम मंडल, ताज मोहम्मद खान और रफीक खान बताए गए हैं। पुलिस ने उनके पास से करीब 500 ग्राम चांदी, 50 ग्राम सोना और कुछ हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।