
रानीगंज में अमरनाथ यात्रियों का सम्मान, शिव शक्ति जन सेवा संस्थान और मॉर्निंग वॉकर योगा ग्रुप ने किया आयोजन
रानीगंज। शिव शक्ति जन सेवा संस्थान एवं इसकी शाखा द्वारा आज अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले शिव भक्तों की एक टोली को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन रानीगंज मॉर्निंग वॉकर योगा ग्रुप के सहयोग से किया गया, जिसमें 15 शिव भक्तों को दुपट्टा और माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अमरनाथ यात्रा के दल प्रमुख तरुण बर्मन ने कहा कि वे पिछले एक दशक से रानीगंज अंचल समेत आसपास के क्षेत्रों के शिव भक्तों को अमरनाथ यात्रा के लिए लेकर जाते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार करना है। यात्रा के दौरान संस्था के माध्यम से पहाड़ी क्षेत्रों में भी सेवा कार्य किए जाते हैं ताकि सभी भक्तों को सुविधा एवं मार्गदर्शन मिल सके।
मॉर्निंग वॉकर योगा ग्रुप के संयोजक अशोक अरोड़ा ने इस मौके पर कहा, “यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि हमें ऐसे पुण्य कार्य में सहभागी बनने का अवसर मिला। हम सभी आज पूरे विश्व में शांति की कामना करते हैं और विश्वास रखते हैं कि भगवान शिव ही इस पृथ्वी के रक्षक हैं।”
कार्यक्रम में डॉक्टर कन्हैया केसरी, डॉ मनोज कुमार , डॉ राजेश गुप्ता सीए महेंद्र साव ,ललित झुनझुनवाला, केपी सिंह सहित कई प्रमुख समाज सेवियों ने भी उपस्थित होकर यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को सम्मानित किया और उनके सुरक्षित तथा सफल यात्रा की कामना की।