रामनवमी पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा बरदही में 10 लाख की लागत से सड़क का निर्माण होगा
RAN NEWS PHOTO

रामनवमी पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा रानीगंज। रामनवमी के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद रानीगंज शाखा की ओर से 27 मार्च को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह जानकारी संगठन के पदाधिकारियों ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान दी। बताया गया कि शोभायात्रा रानीगंज के अन्नपूर्णा लेन स्थित मारवाड़ी ब्राह्मण सभा भवन से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों और विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए जन-जन तक भक्ति और सांस्कृतिक एकता का संदेश पहुंचाएगी। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक झांकियां आकर्षण का केंद्र होंगी। इसके साथ ही महाराष्ट्र की पारंपरिक ढोल की गूंज से पूरा शहर राममय हो उठेगा। आयोजकों ने कहा कि इस वर्ष आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है। साथ ही शहरवासियों से अपील की गई है कि वे बड़ी संख्या में शामिल होकर इस धार्मिक उत्सव को सफल बनाएं। बरदही में 10 लाख की लागत से सड़क का निर्माण होगा रानीगंज । आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 36 अंतर्गत बरदही इलाके में लंबे समय से जर्जर सड़क से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। यहां लगभग 10 लाख रुपये की लागत से नई पक्की सड़क बनाने की योजना का शिलान्यास किया गया। नगर निगम के प्रतिनिधि दिव्येंदु भगत ने मुख्य अतिथि के रूप में इस कार्य की आधारशिला रखी। बताया गया कि राज्य सरकार की “आमादेर पाड़ा, आमादेर समाधान” योजना के अंतर्गत इस सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। लगभग एक किलोमीटर लंबी बनने वाली इस सड़क से क्षेत्र के लोगों को कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्ते की समस्या से मुक्ति मिलेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने पर खुशी जताई। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर बरसात से पहले इसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
